इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इम्पा) ने गर्व के साथ दुनिया भर में मशहूर कान फिल्म फेस्टिवल 2026 में अपने स्टॉल का उद्घाटन किया। Palais-1, बूथ नंबर 21.05 पर स्थित, इम्पा का यह शानदार स्टॉल अपने प्रोड्यूसर सदस्यों की 35 से ज़्यादा फिल्मों, टीवी सीरियलों, कार्यक्रमों और मनोरंजन सामग्री को प्रदर्शित कर रहा है। इसके ज़रिए यह अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत के सामने भारतीय सामग्री की समृद्धि, विविधता और वैश्विक अपील को उजागर कर रहा है।
इम्पा स्टॉल का उद्घाटन भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव, श्री चंचल कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं आईएफएफआई के फेस्टिवल डायरेक्टर, श्री आशुतोष गोवारिकर जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्टॉल पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) में फिल्म नीति पहलों से जुड़े संयुक्त सचिव, डॉ. एम. एन. अजय नागभूषण जी, एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री प्रकाश मगदूम जी तथा इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन्स (एफआईएपीएफ) के मैनेजिंग डायरेक्टर/डायरेक्टर जनरल, श्री बेनोइट गिनिस्टी जी की भी ससम्मान उपस्थिति रही।
कान 2026 में इम्पा का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष (एफ एफ आई के अध्यक्ष एवं एफआईए पीएफ के उपाध्यक्ष) श्री अभय सिन्हा जी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती सुषमा शिरोमणी जी, उपाध्यक्ष श्री अतुल पटेल जी, कार्यकारिणी समिति सदस्य (एफएमसी के महासचिव एवं एफ एफ आई के उपाध्यक्ष) श्री निशांत उज्ज्वल जी तथा कार्यकारिणी समिति सदस्य श्री यूसुफ शेख जी द्वारा किया जा रहा है।
यह लगातार तीसरा वर्ष है जब इम्पा कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल में सहभागिता कर रहा है। यह संस्था की उस प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करता है, जिसके अंतर्गत वह अपने सदस्यों को फ़िल्मों, टेलीविज़न कंटेंट एवं रचनात्मक परियोजनाओं के प्रदर्शन हेतु एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान कर रही है और साथ ही वैश्विक स्तर पर भारतीय कहानियों को प्रोत्साहित कर रही है।
धन्यवाद, आपका विश्वासी,
इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन
s/d
(अनिल नागराथ) सचिव


कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल 2026 में इम्पा के स्टॉल का उद्घाटन
